नंदप्रयाग। सिद्धपीठ कुरुड़ से कैलास रवाना होने के लिए दशोली की मां नंदा की डोली रविवार को रात्रि प्रवास के लिए महड़बगठी गांव पहुंची। ग्रामीणों ने मां नंदा का स्वागत किया। गांव की महिलाओं ने नंदा के आगमन पर जागर गाए। बीते शनिवार को मां नंदा थोकदारों के गांव तेफना और नंदप्रयाग पहुंची थी। रविवार को पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा नंदप्रयाग से महड़बगठी गांव पहुंची। 28 अगस्त को मां की डोली नंदा सप्तमी को बालपाटा पहुंचेगी। जहां पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा कैलास के लिए विदा हो जाएगी। इस मौके पर पंडित लक्ष्मी प्रसाद सती, गोविंद प्रसाद, अयोध्या प्रसाद, भुवन, विनय शाह, हरीश रौतेला, कंचन नेगी आदि मौजूद थे।