श्रीनगर। गढ़वाल विवि में इस शिक्षा सत्र से बीकॉम के छात्र जीएसटी भी पढे़ंगे। जीएसटी को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने के लिए कुलपति ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। विशेषज्ञों की ओर से तैयार जीएसटी का पाठ्यक्रम अनुमोदन के लिए कामर्स की बोर्ड ऑफ स्ट्डीज में रखा जाएगा।
गढ़वाल विवि के स्कूल ऑफ कामर्स के डीन प्रो. आरसी डंगवाल ने बताया कि जीएसटी (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) बीकॉम के पांचवें सेमेस्टर में पढ़ाया जाएगा। अभी बीकाम पांचवें सेमेस्टर में अप्रत्यक्ष कर का प्रश्नपत्र पढ़ाया जाता है। बताया कि अब अप्रत्यक्ष कर के स्थान पर जीएसटी पढ़ाया जाएगा। जीएसटी का पाठ्यक्रम तैयार करने में दिल्ली विवि की कामर्स विभागाध्यक्ष प्रो. कविता शर्मा, पूूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डीपीएस वर्मा, एसआरसीसी के प्रो. अनिल कुमार, पंजाब विवि पटियाला के प्रबंधन विभागाध्यक्ष प्रो. जीएस बत्रा, डीएवी कालेज देहरादून के डा. जीपी डंग व कुरुक्षेत्र विवि के प्रो. तेजेंद्र शर्मा ने सहयोग किया है। प्रो. डंगवाल ने बताया कि 21-22 अगस्त को विभाग की बीओएस (बोर्ड ऑफ स्टडीज) में तैयार पाठ्यक्रम को अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। बीओएस के अनुमोदन के बाद इसे पाठ्यक्रम में शामिल कर दिया जाएगा। बीकॉम पाठ्यक्रम में जीएसटी शामिल किए जाने पर छात्रों ने खुशी जताई है।