एनएसयूआई से सोनिया अध्यक्ष पद की उम्मीदवार
-- संगठन ने अवशेष पदों पर की प्रत्याशियों की घोषणा, प्रत्याशियों का किया गया स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
पीजी ऑटोनामस कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के तहत एनएसयूआई ने शेष पदों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। संगठन ने अध्यक्ष पद पर छात्रा सोनिया को उतारा है। जबकि उपाध्यक्ष के लिए अजय कुमार जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है। बुधवार को संगठन के प्रदेेश अध्यक्ष श्याम सिंह चौहान ने बताया कि जिला कार्यकारिणी की सहमति पर प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की गई है। चुनाव प्रभारी व जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र पाल पाठी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए सोनिया, उपाध्यक्ष अजय कुमार जायसवाल और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अमन शर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
बताया कि महासचिव पद पर इमरान खान, कोषाध्यक्ष निकिता पंत, सह सचिव के लिए आशीष सिलस्वाल के नामों की घोषणा पहले ही कर दी गई थी। उधर, रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष जयेंद्र रमोला ने कार्यकर्ताओं से उम्मीदवारों के समर्थन में काम करने की अपील की। इस दौरान दर्जनों युवाओं को एनएसयूआई की सदस्यता भी ग्रहण कराई गई। मौके पर कार्यवाहक नगराध्यक्ष शिवमोहन मिश्रा, वीरेंद्र सजवाण, अजय धीमान, भगवती प्रसाद सेमवाल, प्रशांत कुमार, संजय प्रजापति, आशीष पंत, दीपक थापा आदि मौजूद थे।