श्रीनगर। आइसा छात्र संगठन ने शिक्षा बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत बिड़ला परिसर में एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन के दौरान देश भर में शिक्षा को बाचने के लिए आइसा की ओर से चलाए जा रहे आंदोलनों पर लिखी गई किताब का विमोचन भी किया गया।
सोमवार को बिड़ला परिसर में आयोजित सम्मेलन में आइसा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष फरहान अहमद ने कहा कि देश भर में शिक्षा व शिक्षण संस्थाओं पर हमले हो रहे हैं। एक साजिश के तहत वंचित तबकों को शिक्षा से दूर किया जा रहा है। आइसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती ने कहा कि देश में नीतियां पूंजीपतियों के हक में बनाई जा रही हैं। गरीब तबके का आदमी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरस रहा है। शिवानी पांडे ने कहा कि विश्वविद्यालयों में केवल शुल्क वृद्धि की जा रही है। जबकि शिक्षण संस्थानों में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। सम्मेलन में शिक्षा को बचाए जाने के लिए आंदोलनों को बढ़ाने की बात कही गई। कार्यक्रम में नगर इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया, जिसमें शिवानी अध्यक्ष, कपूर सिंह सचिव, सुबोध डंगवाल उपाध्यक्ष, कृष्णा मिश्रा सह सचिव, अनिल राज कोषाध्यक्ष नामित किए गए।