पीपलकोटी। बंड क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही बारिश से पैदल रास्ते खतरनाक बने हुए हैं। गडोरा-ल्वां-दिगोली पैदल मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। पैदल रास्ते के समीप से गुजर रही विद्युत लाइन के पोल भी भूस्खलन की चपेट में आ गए हैं।
ल्वांह, दिगोली, किरुली, भीड़ लग्गा गडोरा, श्रीकोट, क्यूंठा और रंडकोट गांव के ग्रामीणों का यह एकमात्र पैदल मार्ग है जो बारिश से बदहाल है। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कोठियाल और हरीश पुरोहित का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का आलम यह है कि सूचना दिए जाने के बावजूद भी करंटयुक्त विद्युत लाइन का सुधारीकरण कार्य नहीं किया जा रहा है। इधर, एसडीएम चमोली परमानंद का कहना है कि पैदल मार्ग का शीघ्र निरीक्षण करवाया जाएगा। ऊर्जा निगम से विद्युत लाइन के सुधारीकरण के लिए कहा जाएगा।