परीक्षा परिणाम में देरी होने पर फूंका कुलपति का पुतला
-- डोईवाला महाविद्यालय के सामने एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढवाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की परीक्षाओं का परिणाम में देरी होने से क्षुब्ध एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट के सामने हाईवे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कुलपति का पुतला जलाया और विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि विश्वविद्यालय की लचर कार्यशैली से छात्र छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को एबीवीपी के छात्र संघ अध्यक्ष लोकेश सिंह राणा के नेतृत्व में तमाम कार्यकर्ता भानियावाला हाईवे पर एकत्रित हुए और एचएनबी केंद्रीय विश्वविद्यालय की हीलाहवाली को लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। परीक्षा परिणाम में देरी के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला जलाकर आक्रोश जताया गया।
छात्रों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि नितेश ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन परीक्षा परिणाम घोषित करने में कोताही दिखा रहा है। समय पर परीक्षा परिणाम नहीं मिलने से छात्रों के आगे प्रवेश लेने में कठिनाईयां आ रही हैं। छात्र नेता अंकित टम्टा ने कहा कि जिन परीक्षाओं को परिणाम जारी किया गया उनकी अंक तालिकाएं विश्वविद्यालय प्रशासन नहीं भेज रहा है। कहा कि यदि जल्द परिणामों को घोषित नहीं किया गया तो परिषद् बड़ा आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने कालेज प्राचार्य के माध्यम से विश्वविद्यालय को ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शन करने वालों में अमित पंवार, करिश्मा, रश्मि, पूजा, दिलीप, विनय पटवाल, विकास चौहान, अजय चौहान, संगीता, गौरव डंडरियाल, सुलेखा राणा, किरन, निशांत, दीपक आदि थे।