श्रीनगर। क्षेत्र में कान्वेंट स्कूलों की ओर से समय से पूर्व अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित किए जाने पर अभिभावकों ने बाल अधिकार एवं संरक्षण आयोग में शिकायत की है। अभिभावकों ने परीक्षा कार्यक्रम निरस्त किए जाने की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालय को नोटिस भेजा है।
क्षेत्र के कान्वेंट स्कूलों में 17 अगस्त से अर्द्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया है। जबकि अभिभावकों का कहना है कि अभी शिक्षा सत्र को साढे़ तीन माह भी पूरे नहीं हुए हैं। पाठ्यक्रम पूरा हुए बिना समय से पूर्व अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित कराए जाने पर छात्रों पर भी मानसिक दबाव पड़ रहा है। आरटीई कार्यकर्ता कुशलानाथ ने बाल अधिकार एवं संरक्षण आयोग को शिकायती पत्र भेज परीक्षा कार्यक्रम निरस्त किए जाने की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मढी नरेंद्र भट्ट ने इस संबंध में शिक्षा विभाग से शिकायत की है। मामले में उपशिक्षा अधिकारी कीर्तिनगर डा. सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इस संबंध में कान्वेंट स्कूल को नोटिस भेजा गया है। नोटिस में परीक्षा कार्यक्रम, यूनिट टेस्ट व पाठ्यक्रम के बारे में भी सूचना मांगी गई है। नोटिस का जवाब मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रबंधक सेंजों कान्वेंट स्कूल कीर्तिनगर सेबस्टीन का कहना है कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा संबंधी निर्णय हमारी संस्था का है। यह निर्णय विद्यालय स्तर पर नहीं लिया जाता है। कहा कि हमारा सत्र मार्च माह से शुरू होता है।