पोखरी। ब्लॉक सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक में जन प्रतिनिधियों ने शिकायतों पर कार्रवाई न होने और विभागीय अधिकारियों के बैठक से अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। इस पर सीडीओ ने कहा कि जिन अधिकारियों की ओर से समय से शिकायतों का निस्तारण नहीं किया जा रहा है, यदि वे अपनी कार्य प्रणाली में सुधार नहीं लाते तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख विनीता देवी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक शुरू हुई। सेेमी-ग्वाड़ प्रधान प्रेम बल्लभ ने पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग की तो सांसद प्रतिनिधि वीरेंद्र पाल भंडारी ने ब्लॉक में निर्माणाधीन सड़कों से क्षतिग्रस्त कृषि भूमि का मुआवजा देने की बात कही। सरमोला प्रधान मनबर सिंह व क्षेत्र पंचायत सदस्य ईश्वर सिंह ने सरमोला-रानौ मार्ग के मलबे से गांवों को पैदा हुए खतरे पर सवाल उठाया। कनिष्ठ प्रमुख गोपाल पंवार ने पोखरी-हापला मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अलग-अलग विभागों के पास होने से हो रही दिक्कतों को दूर करने, ग्राम प्रधान कलसिर हुकम सिंह व ग्राम प्रधान रडुवा रंजना देवी ने भुलकणा और सल्दी तोकों में विद्युतीकरण की मांग उठाई। जन प्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों और गांवों में झूलते बिजली के तारों के सुधारीकरण की भी मांग की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद गोस्वामी सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।