पोखरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों ने महाविद्यालय में प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग को लेकर तीन घंटे तक विनायकधार में सांकेतिक जाम लगाया और मौके पर पहुंचे सीडीओ और एसडीएम का घेराव किया। छात्रों ने सीडीओ के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र मांगों पर कार्रवाई की मांग की। सीडीओ के आश्वासन पर छात्रों ने जाम खोल दिया। कहा गया यदि शीघ्र छात्रों की न्यायोचित मांग पर कार्रवाई नहीं की जाती तो उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे।
राजकीय महाविद्यालय पोखरी में प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग को लेकर सुबह 11 बजे छात्रों ने विनायकधार चौराहे पर सांकेतिक जाम लगाया और प्रदर्शन किया। जाम में लोग फंसे रहे और जाम खुलने का इंतजार करते रहे। सूचना पर जब सीडीओ विनोद गोस्वामी और एसडीएम केएन गोस्वामी मौके पर पहुंचे तोे छात्रों ने उनका घेराव कर दिया। छात्रों ने कहा कि प्रवक्ता न होने से कॉलेज में पढ़ाई चौपट हो गई है। इस पर सीडीओ उच्च शिक्षा निदेशालय से वार्ता कर प्रवक्ताओं की नियुक्ति का आश्वासन दिया। इस पर छात्र शांत हुए और जाम खोल दिया। छात्र संघ अध्यक्ष सूरज खत्री ने कहा कि महाविद्यालय में वर्तमान तक स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति नहीं की गई है। कहा गया कि महाविद्यालय में 24 प्रवक्ताओं के पद सृजित हैं, लेकिन यहां मात्र 5 प्रवक्ताओं के भरोसे महाविद्यालय का संचालन किया जा रहा है। छात्रों ने महाविद्यालय में संस्कृत, सैन्य विज्ञान व शिक्षा शास्त्र विषयों को संचालन शुरू करने की भी मांग उठाई। इस मौके पर पूनम रावत, सुरेंद्र कुमार, लक्ष्मी, सरिता, दिनेश और भानू सिंह आदि मौजूद थे।