गोपेश्वर। जिला गंगा समिति चमोली की ओर से आयोजित जन संवाद एवं जन जागरूकता कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं को गंगा स्वच्छता मिशन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जीजीआईसी की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दीं।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी शाह ने किया। उन्होंने कहा कि नदियां मानव सभ्यता के लिए जीवन का आधार हैं। हमें नदियों के संरक्षण के लिए सजग रहना चाहिए। स्वजल के परियोजना प्रबंधक केएस रावत ने नमामि गंगे योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नदियों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार की ओर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत नदी के किनारे बसावट वाले गांवों को विशेष पैकेज दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में सीवरेज की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को भी गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, थराली विधायक मगन लाल, डा. लोकेश कुमार, एमएस सजवाण, विधायक प्रतिनिधि मोहन सिंह, घाट ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह और विनोद कनवासी आदि मौजूद थे।