हाथियों के झुंड ने रौंदी मक्का व गन्ने की फसल
-- ऊर्जा बाड के अभाव से बाल क्वांरी गांव में पहुंचे हाथी
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। वन सीमा से सटे बाल क्वांरी गांव में देर रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाते हुए किसानों की कई बीघा मक्का और गन्ने की तैयार हो रही फसल को रौंद डाली। ऊर्जा बाड के अभाव से जंगली हाथी रोजाना आबादी क्षेत्र में आ रहे है। बडकोट वन रेंज की सीमा के पास माजरी ग्रांट ग्राम पंचायत के बाल क्वांरी गांव में इन दिनों जंगली हाथियों का झुंड उत्पात कर रहा है। शाम ढलते ही हाथी समूह में आबादी की ओर रुख करने लगते हैं। अंधेरा होने पर जोर-जोर से चिंघाड़ते हुए आबादी में चहलकदमी करते हैं जिससे ग्रामीणों को जान माल का भय सता रहा है।
देर रात हाथियों के झुंड ने खेतों में तैयार किसान राजीव महरालू , चिंताराम, पूरण बहादुर, जसवंत सिंह और मोहन लाल की मक्का और गन्ने की कई बीघा फसल को बरबाद कर दिया। ग्रामीण शंकर सिंह महरालू ने बताया कि ऊर्जा बाड़ के अभाव में जंगली हाथी आए दिन किसानों की फसल को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। पूर्व में भी जंगली हाथी कई बार नुकसान पहुंचा चुके है जिसका मुआवजा अभी तक विभाग ने नहीं दिया है। माजरी ग्रांट ग्राम प्रधान किरन पाल ने बताया कि जंगली हाथियों की समस्या के बाबत वन विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है। बडकोट रेंज के डिप्टी रेंजर गणेश उनियाल ने बताया कि हाथियों को जंगल में खदेड़ने के लिए गश्ती दल को सक्रिय कर दिया गया है।