श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिया है। नव नियुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि जल्द ही छात्र संघ चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
सत्र 2017-18 छात्र संघ चुनाव के लिए गढ़वाल विवि प्रशासन ने प्रो. आरसी डिमरी को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। प्रो. आरसी डिमरी गणित विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव अधिकारी पद पर नियुक्ति संबंधी पत्र उन्हें प्राप्त हो गया है। बुधवार तक चुनाव समिति का गठन कर दिया जाएगा। छात्र संघ चुनाव में लिंगदोह समिति की सिफारिशों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। बताया कि सितंबर प्रथम सप्ताह में बिड़ला परिसर छात्र संघ चुनाव और छात्र महासंघ चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे। लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत पांच सितंबर तक विवि में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होनी आवश्यक है। विवि के डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी और मुख्य नियंता प्रो. एचबीएस चौहान ने प्रो. डिमरी को शुभकामनाएं दी हैं।