गोपेश्वर। नमामि गंगे योजना के तहत डीएम ने जिले में गंगा संरक्षण मिशन का शुभारंभ किया। इस मौके पर हुई जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में जिले की नदियों को स्वच्छ बनाए रखने और संरक्षण के लिए कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम आशीष जोशी ने पेयजल, सिंचाई विभाग, नगर पालिका व स्वजल के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर गंगा संरक्षण योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर क्षेत्रों में जल मल के निस्तारण के लिए सीवर लाइनें शीघ्र शुरू करने की बात कही गई। नगरों में निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए डीएम ने पालिका और पंचायतों को आगामी वर्ष तक एलएलडी ट्रीटमेंट कैपेसिटी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने और नदियों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों मेें जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायतों और अन्य नोडल अधिकारियों को नदी, नालों, सड़क और रास्तों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने और जिले में शवदाह गृहों के आधुनिकीकरण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर सभी विभागीय अधिकार मौजूद थे।