जोशीमठ। लामबगड़ में रविवार को दोपहर बाद बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे सोमवार को भी नहीं खुल पाया। ऐसे में करीब 200 तीर्थयात्रियों को अभी भी पांडुकेश्वर, जोशीमठ और बदरीनाथ धाम में रोक दिया गया है, जबकि 78 तीर्थयात्री सोमवार को पैदल ही बदरीनाथ धाम पहुंचे।
रविवार को दोपहर बाद दो बजे मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद हो गया था। यहां रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण सोमवार को भी हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया। पुलिस प्रशासन ने पैदल मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस के जवानों की तैनाती की है। एसडीएम योगेंद्र सिंह का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में रुक-रुक कर हो रही बारिश से हाईवे सुचारु करने का कार्य बाधित हो रहा है। मौसम साफ होते ही हाईवे सुचारु कर दिया जाएगा।