अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
फ्रांस और स्विट्जरलैंड की तर्ज पर हरिद्वार और ऋषिकेश को रोपवे के माध्यम से आपस में जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही दोनों शहरों के बीच मेट्रो चलाने की कवायद भी चल रही है। योजना की जानकारी जिला योजना समिति की बैठक में पर्यटन मंत्री और हरिद्वार के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दी।
शनिवार को सीसीआर टॉवर में जिला योजना समिति की बैठक के बाद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सरकार धर्मनगरी हरिद्वार और अध्यात्म नगरी ऋषिकेश को आपस में जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए सरकार ने दोनों शहरों के बीच रोपवे चलाने की योजना तैयार की है। एक समय में रोपवे से 40 40 यात्री आना जाना कर सकते है। देहरादून और हरिद्वार के बीच मेट्रो चलने की योजना के बाद अब ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून तीनों शहरों में मेट्रो चलाई जाएगी। कहा कि सरकार ने प्रतिनिधि के रूप में गए दल ने स्विट्जरलैंड और फ्रांस जाकर रोपवे की जानकारी ली गई। उन्होंने दावा किया कि कई कंपनियां रोपवे चलाने के लिए तैयार हो गई है। अंतिम निर्णय सरकार और निवेश करने वाली कंपनियों के बीच होने वाली बैठक में होगा। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्र निर्माण की भावना से काम कर रही है।