घरों में पानी भरने से भारी नुकसान
-- लगातार हो रही बारिश से गन्ने की फसल भी हुई खराब
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। शेरगढ चांडी में भारी बारिश के पानी ने सिंचाई की नहरें क्षतिग्रस्त कर दी जिससे पानी खेतों में भर गया, जिससे गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं बारिश का पानी कई घरों में भी भर गया गया। वहीं, तहसील प्रशासन की टीम ने सभी क्षेत्रों को मौका मुआयना कर विपरीत परिस्थितियों के लिए व्यवस्थाओं को पुख्ता करके रखा हुआ है। मूसलाधार बारिश होने से सौंग, सुसवा और जाखन नदियां उफान पर आने लगी है। सौंग नदी के किनारे केशवपुरी बस्ती, राजीवनगर , जाखन में लालतप्पड फनवैली के पास बस्ती, सुसवा में कुडकावाला बस्ती के लोग जलस्तर बढ़ जाने से खासे सहमे रहे।
माजरी ग्रांट शेरगढ चांडी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से पानी का तेज बहाव सड़कों पर रहा। भारी बारिश से सिंचाई की नहरें क्षतिग्रस्त हो गई। माजरी ग्रांट ग्राम प्रधान किरन पाल ने बताया कि सिंचाई की नहरें के बाबत प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। ग्रामीण प्रदीप सिंह ने बताया कि गांव में बलबीर सिंह, आसिम, चंदन सिंह आदि के घरों में पानी भर गया था। जिससे घरेलू सामान खराब हो गया। वहीं, दिन भर रही रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे लोग घरों में ही कैद होकर रह गए। बाजारों में भी सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने बताया कि मूसलाधार बारिश से प्रशासन अलर्ट हो गया है। क्षेत्रीय लेखपालों को निगरानी के लिए निर्देशित कर दिया गया है।