अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक हरिद्वार में 12 और 13 अगस्त को गंगा धाम धर्मशाला में होगी। बैठक में अग्रोहा धाम में निर्माणाधीन अग्र सरोवर और वैश्य समाज की महान विभूतियों की स्मृति में बन रहे अग्र विभूति स्मारक तथा संग्रहालय तथा 17 से 21 सितंबर को अग्रोहा में भगवान अग्रसेन जन्मोत्सव सहित कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
अखिल भारतीय अग्रवाल महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष पराग गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिम्मेदारियां सौंपी गई। प्रदेश महामंत्री संजय अग्रवाल ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के आयोजन को समाज के लिए गौरव की बात बताया। गुप्ता ने कहा कि बैठक में व्यापारियों का उत्पीड़न रोकने और व्यापारियों और व्यापार की सुरक्षा के लिए गठित अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच के प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। बैठक में आने वाले प्रतिनिधियों को सम्मेलन स्थल पर लाने के लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर व्यवस्था की जाएगी। परिवहन व्यवस्था के लिए देवेंद्र गुप्ता, पंजीकरण के लिए रामगोपाल गुप्ता संयोजक बनाए गए।
मंच व्यवस्था समिति में अजय जैन, अनुपम अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, आवास व्यवस्था समिति में संजय अग्रवाल मिन्नू, रचित अग्रवाल, भोजन व्यवस्था समिति में शिवराज गुप्ता, विनोद ब्रजवासी, वीपी कर्णवाल, विष्णु गोयल, समीर गुप्ता और प्रचार प्रसार समिति में संजय आर्य, अशोक गुप्ता और शुभम अग्रवाल को दायित्व दिए गए।