अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
यहां हुए प्रदेश सम्मेलन में महिला कांग्रेस की 13 जिलाध्यक्ष गैरहाजिर रहीं। ऐसे में
उन सहित 17 नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हरिद्वार में हुए महिला कांग्रेस के प्रदेश सम्मेलन में सभी जिलाध्यक्षों को बुलाया गया था। बावजूद इसके 13 जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश कार्यकारिणी की कुछ पदाधिकारी भी उपस्थ्ति नहीं हुई। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य को गैरहाजिर नेताओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने बताया कि महिला कांग्रेस को ऐसे सक्रिय पदाधिकारियों की जरूरत है, जो जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर संगठन को मजबूत करे। साथ ही भाजपा की कथनी-करनी को आमजन तक ले जा सके। प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश की 13 जिलाध्यक्षों समेत कई अन्य पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। एक माह में जवाब नहीं मिलने पर उन्हें पद से हटा दिया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी होगी भंग
हरिद्वार। राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य को निर्देश दिया कि वह जिला कार्यकारिणियों को भंग कर नई टीम तैयार करें। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश का दौर कर जिला कार्यकारिणी को भंग किया जाएगा एवं नई ऊर्जावान कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके लिए महिला कांग्रेस 20 अगस्त के बाद अभियान चलाएगी। अभियान में महिलाएं घर- घर जाकर पोस्ट कार्ड देकर केंद्र सरकार के खिलाफ कुछ प्रश्न पूछेंगी। उत्तर मिलने केे बाद पोस्ट कार्ड राष्ट्रपति को सौंपे जाएंगे।
महिलाओं को आरक्षण देने का समर्थन
हरिद्वार। सम्मेलन में महिला कांग्रेस की ओर से संसद और विधानसभा में महिलाओं को 30 फीसदी आरक्षण देने के अभियान का समर्थन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य समेत कई नेताओं ने अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए।