अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
घर से परेशान होकर दो बहनें अपना घरबार छोड़ हरिद्वार चली आई। पुसिल को दोनों बहनें बस अड्डे के पास चेकिंग करते समय मिली हैं। पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
नागफनी मुरादाबाद निवासी दो बहनें छह दिन पहले अपने घर से परेशान होकर दिल्ली, गाजियाबाद, देहरादून सहित कई अन्य जगह घूमने के बाद हरिद्वार पहुंची। मंगलवार रात नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक दिनेश सिंह बस अड्डे के पास चेकिंग कर रहे थे। इस बीच उन्हें दो किशोरियां दिखाई दीं। दोनों को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुला लिया। किशोरियों ने बताया कि वह सगी बहनें हैं और मुरादाबाद से भागकर हरिद्वार आई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बहनों को घर में रहना पंसद नहीं है। दिनेश सिंह ने मुरादाबाद पुलिस से संपर्क कर दोनों बहनों के पिता से मोबाइल पर बातचीत की। जिसके बाद बुधवार को परिजनों को दोनों बहनें सुपुर्द कर दी गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दोनों बहनें कई बार घर से भाग चुकी हैं। उपनिरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि दोनों बहनें किशोरी है। बड़ी की उम्र 17 वर्ष है, तो छोटी की उम्र 16 है। बताया कि दोनों किशोरियों का पिता कार चालक है, जबकि मां एक फैक्ट्री में काम करती है।