अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नई कार्ययोजना बनाई गई है। शहर में चौराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं के कारण हो रही परेशानियों को देखते हुए भगवान श्रीचंद्राचार्य की प्रतिमा समेत अन्य प्रतिमाओं के मौजूदा स्वरूप को बदलकर ऊंचा उठाकर रखने की तैयारी है, ताकि यातायाम व्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिल सके। पुलिस की ओर से इस बारे में कार्ययोजना तैयार कर सरकारी विभागों और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी लिया जा रहा है।
शहर के कई चौकों में महापुरुषों की प्रतिमाएं लगाई गई हैं। शहर में यातायात का दबाव बढ़ने से श्रीचंद्राचार्य चौक समेत कई चौराहों पर हर रोज जाम की स्थिति रहती है। इसकी वजह चौराहों पर लगी प्रतिमाएं भी हैं। कई प्रतिमाएं इतने ज्यादा क्षेत्र में फैलाकर लगाई गई हैं कि पुलिसकर्मियों को उनके कारण एक तरफ से दूसरी तरफ का चौराहा दिखाई ही नहीं देता है। ऐसे में उन्हें यातायात नियंत्रित करने में भी परेशानी होती है।
लाल बत्ती लगने के बाद भी जाम बना रहता है। हालांकि चंद्राचार्य चौक पर लालबत्ती नहीं लगाई गई है, लेकिन यहां छह से आठ पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था सुचारु कराने के लिए तैनात रहते हैं। पुलिस ने महत्वपूर्ण चौराहों पर जाम को देखते हुए रुड़की के प्रोफेसर अंशुमन से हरिद्वार की यातायात व्यवस्था के लिए सर्वे कराया था। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अब चौराहों का नक्शा बदलने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट में तर्क दिया गया है कि चंद्राचार्य चौक के बीच में मूर्ति होने से ट्रैफिक पर असर पड़ता है। चौक पर भगवान चंद्राचार्य की मूर्ति स्थापित है। पुलिस ने इस मूर्ति को चार पिलरों पर खड़े करने की योजना बनाई है। बीच में दो पुलिसकर्मी खड़े होकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कर सकेंगे।
उधर देवपुरा चौक के पास महाराज अग्रसेन की मूर्ति के कारण वाहन चालकों को लाल बत्ती नहीं दिखाई देती है। जिससे सिग्नल मिलने में दिक्कतें आती है। पुलिस इस चौक पर का भी नक्शा तैयार कर रही है। इस चौक के अलावा कई अन्य चौक की योजना भी तैयार की जा रही हैं। पुलिस ने संतों के साथ ही कई बड़े अखाड़ों से भी बातचीत की है। कुछ संतों ने सहमति जता दी है। अब पुलिस अंतिम बार संतों से बातचीत कर चौराहे को ठीक कराना चाह रही है।
यह होती है समस्या
चंद्रचार्य चौक पर बनी मूर्ति से करीब 12 फीट जगह खराब हो रही है। छह पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक कंट्रोल करना पड़ता है। मूर्ति को ऊपर उठाने से थोड़ी जगह भी बचेगी और दो ही पुलिस कर्मी यातायात व्यवस्था भी संभाल लेंगे।
वर्जन
चंद्राचार्य की यातायात व्यवस्था बेहतरी करना मेरी प्राथमिकताओं में हैं, मूर्ति को ऊपर उठाने को लेकर कुछ संतों से बातचीत हुई है, कुछ संतों ने सहमति जता दी गई है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।- कृष्ण कुमार वीके, एसएसपी