गोपेश्वर। चमोली जिले में अभी भी 29 सड़कें बंद पड़ी हैं। लासी-सरतोली मोटर मार्ग और पैदल मार्ग भी कई जगहों पर मलबा आने से बंद है, जिससे ग्रामीणों के साथ ही छात्र-छात्राओं को विद्यालय तक जाने में दिक्कतें आ रही हैं। हेलंग-उर्गम, पोखरी-हापला, पोखरी-हरिशंकर, पैणी-कुजासु, पोखरी-आली, पोखरी-बामनाथ सड़कें भी बंद हैं। ऐसे में हापला घाटी के ग्रामीणों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीण बलवंत सिंह राणा का कहना है कि सड़कें बंद होने से सलना गांव से होते हुए निगोल नदी तैरकर गंतव्य जाना पड़ रहा है। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी का कहना है कि सड़कों को खोलने का काम जारी है। बार-बार मौसम खराब होने से निर्माणदायी संस्थाओं को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।