पीपलकोटी। निजमुला घाटी के झींझी गांव में भारी बारिश से कृषि भूमि के साथ ही ग्रामीणों के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। साथ ही गांव को जाने वाला पैदल रास्ता जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। झींझी गांव निवासी राजे सिंह नेगी के मकान के पीछे की दीवार टूटने से क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबा मकान के अंदर घुस जाने से वहां रखी रसद और अन्य सामग्री भी नष्ट हो गई है। मकान के चारों ओर मलबा फैला हुआ है। ग्राम प्रधान जुपली देवी का कहना है कि निजमुला घाटी में हो रही बारिश से निजमुला-बिरही मोटर मार्ग कई जगहों पर जानलेवा बना है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।