सिलेंडर में गैस कम होने पर भड़के लोग, हंगामा
पुलिस ने सप्लाई वाहन कब्जे में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
नगर की एक निजी गैस एजेंसी के सिलेंडर में कम गैस होने का आरोप लगाते हुए चंद्रेश्वरनगर में लोगों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने घटतौली की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस एजेंसी के गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन को कोतवाली ले आई।
चंद्रेश्वरनगर निवासी अभिषेक कुमार प्रजापति के अनुसार उन्होंने आशुतोषनगर स्थित एक निजी गैस एजेंसी में घरेलू सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। एजेंसी का सप्लाई वाहन बुधवार को डिलीवरी देने उनके घर पहुंचा था। अभिषेक का आरोप है कि सिलेंडर में गैस कम होने के शक में तौल कराई तो करीब दो किलोग्राम गैस कम थी। इसको लेकर वहां अन्य लोगों ने भी हंगामा कर दिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस सप्लाई वाहन लेकर कोतवाली चली गई। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी के अनुसार लोगों की शिकायत पर सभी सिलेंडरों का तौल कराया गया, लेकिन किसी भी सिलेंडर में गैस कम नहीं मिली।