देवप्रयाग। पीडब्ल्यूडी की 22 घंटे की मशक्कत के बाद बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के लिए खुल गया है, जिससे गढ़वाल क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल हो पाई।
रविवार रात को हुई तेज बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौड़ियाला के समीप चट्टान गिरने से यातायात बाधित हो गया था। इससे बदरीनाथ, केदारनाथ व हेमकुंड यात्रा के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध व अखबार आदि की आपूर्ति भी ठप हो गई थी। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड सोमवार सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग से बोल्डर हटाने में जुट गया था। सहायक अभियंता मोहम्मद तहसीन ने बताया कि बोल्डर हटाने के लिए जेसीबी व पौकलैंड मशीनों के साथ ही विस्फोट भी किए गए। इससे सोमवार रात करीब साढे़ बारह बजे मलबा साफ हो पाया। पहले छोटे वाहनों को यहां से निकाला गया। बाद में बड़े वाहनों को निकालने लायक मार्ग बनाया गया।
मलबे में व्यक्ति के दबे होने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
देवप्रयाग। सोमवार देर रात मूल्यागांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने व उसमें एक व्यक्ति के दबे होने की सूचना पर पुलिस व तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। बाइक की लाइट मलबे से आने से यह आशंका व्यक्त की जा रही थी कि कोई व्यक्ति यहां दबा हो। करीब आधा घंटे बाद मलबे से एक बाइक बरामद हुई। तहसीलदार शंकर लाल चौरसिया ने बताया कि उक्त बाइक किसी पुलिस कर्मी की थी। बाइक सवार बाइक को छोड़कर चला गया था।