पोखरी (चमोली)। क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कें बंद पड़ी हैं। पोखरी-हापला मोटर मार्ग हापला के पास तीन दिनों से बंद है, जिससे ग्रामीण सलना गांव से निगोल नदी को पार कर अपने गंतव्य को जा रहे हैं। आवाजाही ठप होने से हापला घाटी में रसद के साथ ही रसोई गैस की किल्लत भी हो गई है।
पोखरी ब्लॉक के अंतर्गत पोखरी-हरिशंकर, पैणी-कुजासु, पोखरी-आली और पोखरी बामनाथ सड़क भी जगह-जगह मलबा आने से बंद है। चंद्रशिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह और बलवंत सिंह राणा का कहना है कि तीन दिनों से हापला मार्ग बंद होने से मीलों पैदल चलना पड़ रहा है साथ ही क्षेत्र में खाद्यान्न संकट गहराने लगा है। उन्होंने शीघ्र मोटर मार्गों को खोलने की मांग की। इधर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी का कहना है कि डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को शीघ्र बंद मोटर मार्गों को खोलने के आदेश दिए हैं। बुधवार तक पोखरी क्षेत्र की सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।