अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। सेठ ज्वैलर्स में हुई लूटपाट की वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए चार पुलिस टीम बनाई गई हैं। रविवार को घटनास्थल के आसपास व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने का क्रम जारी रहा। इधर, अपराधियों की सीसीटीवी फुटेज आसपास के जिलों की पुलिस को उपलब्ध कराते हुए मदद मांगी गई है। सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार का नंबर स्थानीय था, लेकिन पुष्टि नहीं हो पाई है।
शनिवार देर रात शिवालिक नगर में सेठ ज्वैलर्स में घुसे दो बदमाश गन प्वाइंट पर सराफ विकास सेठ को लेकर जेवर, 32 हजार की रकम लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद देर रात तक पुलिस सड़कों की खाक छानती रही, लेकिन लुटेरे हत्थे नहीं चढ़ पाए थे। रविवार सुबह स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर सेठ ज्वैलर्स के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सिल्वर रंग की कार दिखाई दे रही है लेकिन कार के अंदर कितने व्यक्ति थे ये साफ नहीं हो सका। कार की नंबर प्लेट स्थानीय होना बताई जा रही है पर अभी इस बाबत तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने सीआईयू को भी वारदात के खुलासे के लिए जिम्मेदारी दी है। इधर, दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ दिख रहे हैं। अपराधियों तक पहुंचने के लिए आस पास के जिलों में रिकार्डिंग भेजी दी गई है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पुलिस की चार टीमें अलग अलग पहलुओं पर छानबीन में जुटी है।