जोशीमठ। लामबगड़ मेें बंद बदरीनाथ हाईवे 16 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही के लिए खुल पाया। बृहस्पतिवार को शाम सात बजे लामबगड़ जोन में पहाड़ी से टनों मलबा आने से हाईवे बंद हो गया। क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते शाम को हाईवे खोलनेे का काम शुरू नहीं हो पाया। शुक्रवार को सुबह 6 बजे बारिश बंद होने पर मेका-फेरी कंपनी की ओर से हाईवे सुचारु करने का कार्य शुरू किया गया। कंपनी के मजदूरों और मशीनों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 11 बजे हाईवे सुचारु खोला जा सका। इस दौरान तीर्थयात्रियों को वाहनों में ही हाईवे सुचारु होने का इंतजार करना पड़ा। मेका-फेरी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शोमित्र धर का कहना है कि बदरीनाथ हाईवे लंबे समय तक बंद नहीं रहने दिया जाएगा। यहां हाईवे सुचारु रखने के लिए मशीनें और मजदूर तैनात किए गए हैं।