श्रीनगर (ब्यूरो)। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में ऑल इंडिया कोटे में एमबीबीएस में एडमिशन लेने वाले 3 छात्रों में से 2 दूसरे मेडिकल संस्थानों में शिफ्ट हो गए। इसके चलते ऑल इंडिया कोटे में सिर्फ एक ही छात्र रह गया है। अब दूसरे राउंड की काउंसिलिंग से सीट भरने की उम्मीद की जा रही है। वहीं, आज (सोमवार) स्टेट कोटे की सीटों पर प्रवेश शुरू हो जाएंगे। प्रवेश 31 जुलाई तक होंगे।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीट निर्धारित हैं। इसमें से 15 सीट ऑल इंडिया, 1 सीट कश्मीर विस्थापित और 84 सीट स्टेट कोटे के लिए निर्धारित हैं। नीट (यूजी) 2017 की परीक्षा विगत 7 मई को संपन्न हुई थी। 26 जून को रिजल्ट जारी होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई। ऑल इंडिया कोटे की सीट न भरने पर 1 से 7 अगस्त तक दूसरे राउंड की काउसिंलिंग चलेगी। 16 अगस्त तक संबंधित अभ्यर्थियों को प्रवेश का मौका दिया जाएगा। वहीं, स्टेट कोटे की 84 सीटों के लिए ऑन लाइन काउंसिलिंग पूरी हो गई है। काउंसिलिंग के जरिए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का विकल्प भरने वाले छात्र-छात्राओं को 25 से 31 जुलाई तक प्रवेश दिया जाएगा। अगर सीट रिक्त रहती हैं, तो 8 से 19 अगस्त तक द्वितीय राउंड की काउंसिलिंग चलेगी। 25 अगस्त तक दूसरे राउंड के काउंसिलिंग में प्रवेश पाए छात्रों का एडमिशन किया जाएगा।