श्रीनगर (ब्यूरो)। जल्द ही गढ़वाल विवि में अध्ययनरत छात्रों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। विवि प्रशासन इसके लिए हिमालयन हास्पिटल (जौलीग्रांट) से अनुबंध करने जा रहा है।
गढ़वाल विवि के छात्र लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधा दिए जाने की मांग कर रहे थे। गढ़वाल विवि में कार्यरत शिक्षकों व कर्मचारियों को विवि स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराता है। अभाविप के जिला संयोजक विनीत पोश्ती, आईसा नगर अध्यक्ष शिवानी पांडे ने कहा कि बीमारी से पीड़ित छात्र आर्थिक स्थिति मजबूती न होने के कारण अपना इलाज नहीं करा पाते। जबकि कई बार दुर्घटना में घायल होने पर भी छात्रों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। छात्रों की मांग थी कि विवि में अध्ययनरत छात्रों को दुर्घटना या बीमारी से पीड़ित होने पर विवि सहयोग करे। गढ़वाल विवि के प्रतिकुलपति प्रो. डीएस नेगी ने बताया कि छात्र हित में विवि हिमालयन हास्पिटल से अनुबंध करने जा रहा है। इसके लिए हिमालयन हास्पिटल को पत्र लिखा गया है। प्रो. नेगी ने बताया कि अनुबंध होने पर गढ़वाल विवि के छात्रों को जौलीग्रांट मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। ब्यूरो