अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार रक्षाबंधन करीब आ गया है। इसकी तैयारी के लिए बाजार सजने लगे हैं। यह तैयारी अभी से इसलिए ताकि, दूर शहर-गांव रह रही बहने अपने भाई के पास समय पर राखी पहुंचा सके। ज्वेलर्स के पास चांदी की राखियां बनवाने का भी कई बहनों ने ऑडर दे दिया है।
राखी का दिन अब ज्यादा दूर नहीं है और अपने भाइयों से दूर रह रहीं बहनों के लिए यह उपयुक्त समय है, राखी खरीदने और भेजने का। धर्मनगरी में राखियों की दुकान देख नन्हीं परियों की भी यह इच्छा हो रही है कि वे अपने भाइयों को डिजाइनर राखी बांधें। हालांकि अभी रक्षाबंधन के त्योहार में काफी दिन हैं। लेकिन तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई है। इस बार रक्षाबंधन सात अगस्त को है।
बच्चों की म्यूजिक-लाइट वाली इलेक्ट्रॉनिक राखी, हैरी पॉटर वाली, गांधीगिरी और गणेश जी वाली राखियों के साथ ही बड़ों के लिए सूती धागे पर जड़े रंगीन पत्थरों वाली राखी, जरी-जरदोजी, रेशम के धागे वाली सहित कई अन्य प्रकार की राखी हरिद्वार पहुंच गई हैं। तीज और रक्षाबंधन त्योहार के लिए भी बाजार पूरी तरह तैयार है। यही वजह है कि बाजार में भी इन त्योहारों की रौनक होनी शुरू हो गई है। ज्वालापुर के अलावा हरिद्वार के मॉल में भी राखियों की भरमार हो गई है। मॉल में शॉपिंग को आ रहे नन्हें बच्चों को राखियां अपने ओर आकर्षित कर रही हैं। इन दिनों राखियों के दाम िपिछली बार से अधिक बताए जा रहे है। 10 रुपये से लेकर 200 रुपये से अधिक कीमत की राशियां मिल रही हैं। उधर ज्वेलर्सों के पास बहनें विशेष तरह की चांदी की राखियां बनवाने का ऑडर दे रही है। राखी विक्रेता विकास की मानें तो इस बार दिल्ली से महंगी राखियां आ रही हैं। अभी कम माल लाया गया है। डिमांड होने पर अधिक माल मंगवाया जाएगा।