घाट (चमोली)। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय घाट में अव्यवस्थाओं केे लेकर हुए विवाद को देखते हुए शिक्षा विभाग की ओर से एक सप्ताह तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला ने कहा कि जल्द ही विद्यालय में वार्डन की व्यवस्था कर दी जाएगी।
15 जुलाई को विद्यालय की वार्डन को हटाने के लिए छात्राएं हॉस्टल से बाहर आकर तहसील में धरने पर बैठ गई थीं, जिस पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तत्काल वार्डन को हटा दिया था। मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने तत्काल राजस्व और शिक्षा विभाग की संयुक्त जांच टीम भी गठित की। बृहस्पतिवार को जांच टीम ने विद्यालय में अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में विद्यालय में छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं और पठन-पाठन को लेकर चर्चा हुई। उपजिलाधिकारी परमानंद भी मौजूद थे। अभिभावकों ने बीते दिनों विद्यालय में हुए आंदोलन की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई। ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह, पीटीए अध्यक्ष गोविंद प्रसाद पांडे और ज्येष्ठ प्रमुख देव सिंह नेगी ने कहा कि विद्यालय में अव्यवस्थाओं के साथ ही विद्यालय में हुए आंदोलन की उच्च स्तरीय जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। उपजिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। सीईओ ललित मोहन चमोला ने कहा कि फिलहाल विद्यालय में एक सप्ताह तक अवकाश घोषित किया गया है। इस बीच नई वार्डन की नियुक्ति कर दी जाएगी। इस मौके पर बेसिक शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार, धनुली देवी, पुष्पा देवी, मंगसीरी देवी, दौलत सिंह, गवरी लाल, आलमू राम, रमोती देवी और मुकेश आदि मौजूद थे।