श्रीनगर। मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा फेसबुक पर एक स्थानीय जनप्रतिनिधि के खिलाफ किए गए आपत्तिजनक कमेंट पर गढ़वाल विवि के छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार रात कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर मामले को शांत कराया।
विवि के छात्रों का कहना था कि मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने पोस्ट पर डाले गए कमेेंट में गढ़वाल विवि और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के खिलाफ आपत्तिजक टिप्पणी की है। छात्र और स्थानीय निवासी मेडिकल कॉलेज के छात्रों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस संबंध में छात्रों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र भी दिया।
मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली में बुलाया, जहां दोनों पक्षों में तीखी बहस भी हुई। हालंाकि बाद में मेडिकल कॉलेज के उच्चाधिकरियों और पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज के छात्रों को आपत्तिजनक कमेंट फेसबुक से हटाने के निर्देश भी दिए। दोनों पक्षों को भविष्य में ऐसी कोई हरकत न करने की चेतावनी भी दी गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने सोशल मीडिया में किए गए कमेंट पर माफी मांग ली है। दोनों पक्षों में सुलह हो गई है।
क्या था मामला
रविवार को मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध बेस अस्पताल में गंभीर रूप से झुलसे नारायणबगड़ के एक युवक भर्ती कराया गया था, जिसे बाद में बेस अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। इसी संबंध में फेसबुक पर एक पोस्ट डाली गई थी, जिस पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गढ़वाल विवि पर आपत्तिजनक कमेंट किए थे। इन कमेंट्स का गढ़वाल विवि के छात्रों ने जवाब दिया तो विवाद बढ़ गया।