श्रीनगर (ब्यूरो)। पिछले चार माह से धनपुर पट्टी में बीएसएनएल मोबाइल सेवा ठप रहने पर गढ़वाल विवि के छात्रों ने जिला महाप्रबंधक का घेराव किया। इस दौरान छात्रों ने महाप्रबंधक को जमकर खरीखोटी सुनाई। जल्द व्यवस्था बहाल न किए जाने पर छात्रों में उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में अध्ययनरत धनपुर पट्टी के छात्रों ने बीएसएनएल जिला महाप्रबंधक मुसद्दीलाल का घेराव किया। छात्रों का आरोप था कि धनपुरपट्टी के लिए बनथापला में बनाया गया टावर पिछले चार माह से खराब है, जिससे पट्टी के ग्रामीण दूर संचार सेवा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। छात्र प्रदीप रावत, प्रदीप पंवार, नीरज रैम्स ने कहा कि क्षेत्र के लिए बनाया गया टावर महीने में कम से कम 25 दिन खराब रहता है। पिछले चार माह से टावर पूरी तरह ठप है। टावर ठीक किए जाने की मांग के लिए स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र पंचायत सदस्य लदोली भरत सिंह रावत के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग स्थित बीएसएनएल कार्यालय में भी घेराव किया था। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द संचार सेवा बहाल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जीएम मुसद्दी लाल ने जल्द व्यवस्था ठीक किए जाने का आश्वासन दिया। घेराव करने वालों में देवकांत देवराड़ी, आर्यन बिष्ट, राकेश जुयाल, अमित बुटोला, शुभम गोस्वामी आदि शामिल थे। ब्यूरो