अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
डाक कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्त कांवड़ियों ने अब उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में भी पहुंचना शुरू कर दिया है। डाक कांवड़ियों का वाहनों के साथ आने का सिलसिला तेज हो चला है। डाक कांवड़ के वाहनों की पार्किंग के लिए प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐेसे में कांवड़ियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्किंग नहीं होने से डाक कांवड़ियों ने वाहन आश्रमों, धर्मशालाओं के सामने ही सड़क पर खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र की गलियां भी डाक कांवड़ के वाहनों से पैक होने लगी हैं। सप्तसरोवर रोड से हरिपुर कलां के आश्रमों तक डाक कांवड़ियों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। नगर निगम पावनधाम के सामने ठेका देने के बावजूद वाहन पार्किंग स्थापित नहीं कर पाई है। सर्वानंद घाट के पार्किंग वाले पुलिस की मदद से अपनी पार्किंग को भरवाने में लगे हैं। जबरन पार्किंग कराने को लेकर कांवड़ियों के साथ तकरार भी होने लगी है दूधाधारी चौक क्षेत्र में हाईवे पर गंदे पानी के तालाबों के साथ ही स्ट्रीट लाइट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से भी कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने हाईवे पर बने गंदे पानी के गहरे तालाबों में बैरिकेटिंग भी नहीं कराई है। दूधाधारी चौक पर गंदे पानी का बड़ा और गहरा तालाब बना हुआ है। तपा धर्मशाला से आगे हाईवे पर सीवर का पानी भरे होने और विवेकेश्वर आश्रम के पास पानी की मेन लाइन में लीकेज से सड़क पर पानी भरा है।