निकाय चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने भी तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव के दौरान लगभग 15000 पुलिसकर्मी, होमगार्ड और पीएसी बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस ने पोलिंग सेंटरों का प्राथमिक निरीक्षण भी कराया है। इनमें प्रदेश के कुल सेंटरों में से 500 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील की श्रेणी में हैं। हालांकि पुलिस का यह अभी शुरुआती आंकड़ा है। इसके लिए मीटिंग कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
चुनाव की तिथि निर्धारित होने के बाद से पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन में जुट गए हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अशोक कुमार ने बताया कि चुनावों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 22 कंपनी पीएसी और 3500 होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे। कुल मिलाकर यह फोर्स लगभग 15000 के आसपास है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 1256 पोलिंग सेंटर हैं। 500 को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इनमें 200 अतिसंवेदनशील पोलिंग सेंटर हैं। हालांकि अभी अंतिम आंकड़ा आना बाकी है। अपर पुलिस महानिदेशक ने बताया कि चुनाव ड्यूटी और पोलिंग सेंटरों का आंकलन किया जा रहा है। इसके लिए अभी बैठक भी होनी है। इसके लिए सभी जिलों से अपने अपने क्षेत्रों की सूची और मांग पूछी गई है। इसके आधार पर ही अंतिम निर्णय होना है।