किटी कमेटी के नाम पर दंपती ने एक व्यक्ति के 15 लाख रुपये हड़प लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी दंपती पर पहले भी धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज है। उन पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
कोतवाली इंस्पेक्टर राकेश गुसाईं ने बताया कि इस संबंध में नरेंद्र कुमार सचदेवा निवासी धामा वाला मौहल्ला देहरादून ने तहरीर दी है। बताया कि साहिबा जैन व निशांत जैन का एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में बालाजी ट्रेडर्स के नाम कर कार्यालय था। वर्ष 2018 में उनकी दंपती से पहचान हुई थी। साहिबा जैन व निशांत जैन के कहने पर उन्होंने उनकी फर्म में किटी कमेटी के नाम पर लगभग 15 लाख रुपये लगाए थे। लेकिन जब पैसा वापस देने का समय आया तो वे टालने लगे। जब आरोपियों से पैसों के लिए कहा गया तो कहा गया कि उनके खिलाफ कई मुकदमे हैं। वह एक रुपया भी वापस नहीं देंगे। दबाव बनाने पर जान से मारने की दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।