बीते शैक्षणिक सत्र में पहली बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के पैटर्न पर अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के छात्रों ने बोर्ड परीक्षाएं दी थी। इसमें प्रदेशभर के 155 अटल उत्कृष्ट विद्यालयों का पासिंग प्रतिशत बहुत खराब रहा था। ऐसे में 10वीं और 12वीं के छात्रों को अंक सुधार के लिए दूसरा मौका दिया तो पासिंग प्रतिशत में करीब 15 फीसदी का इजाफा हुआ।
10वीं में इन विद्यालयों का रिजल्ट 60.49 प्रतिशत और 12वीं में महज 51.49 प्रतिशत रहा था। जबकि, अंक सुधारक परीक्षा के बाद 10वीं का पासिंग प्रतिशत 76.27 और 12वीं का पासिंग प्रतिशत 66.24 फीसदी रहा। प्रदेश भर से अंक सुधार के लिए 10वीं के 8626 छात्रों ने पंजीकरण किया था। इसमें से 8499 छात्रों ने परीक्षा दी और 5141 छात्रा पास हुए। जबकि, 12वीं के 12759 छात्रों ने अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 12534 छात्रों ने परीक्षा दी और 6454 छात्र पास हुए।