राज्य निर्वाचन आयोग ने चार क्षेत्र पंचायतों में विभिन्न पदों के लिए 14 जनवरी को उपचुनाव कराने की अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही इन चारों क्षेत्र पंचायतों में तत्काल प्रभाव से चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
अधिसूचना के मुताबिक, अल्मोड़ा क्षेत्र पंचायत हवालबाग के ज्येष्ठ उप प्रमुख, दून की क्षेत्र पंचायत रायपुर में कनिष्ठ उप प्रमुख, जनपद टिहरी की क्षेत्र पंचायत जाखणीधार के प्रमुख और नैनीताल में क्षेत्र पंचायत हल्द्वानी के प्रमुख के रिक्त पद पर उप निर्वाचन होगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के अनुसार, इन चार पदों के लिए 11 जनवरी को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। इसी दिन साढे़ तीन बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी 12 जनवरी को 11 से दोपहर तीन बजे तक होगी। 14 जनवरी को सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और परिणाम देर रात तक घोषित कर दिए जाएंगे।