श्रीनगर। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे लाइन प्रभावितों की प्रशासन के साथ हुई बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रभावितों ने भूमि के बदले एक परियोजना, एक परियोजन, एक प्रतिकर के तहत मुआवजा देने की मांग की गई।
खंदूखाल में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन प्रभावितों की जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक हुई। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन प्रभावित कल्याण समिति के अध्यक्ष व रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ऋषिकेश से लेकर चमोली के प्रभावित काश्तकारों को एक समान भूमि प्रतिकर दिया जाए। परियोजना व परियोजन एक ही है लेकिन भूमि का प्रतिकर भी एक ही होना चाहिए। सभी काश्तकारों को एक समान प्रतिकर देने पर परियोजना पर 200 करोड़ का अंतर आएगा। विधायक चौधरी ने बताया कि समिति जल्द बैठक करेगी। वहीं जनासू के ग्रामीणों ने रेलवे प्रभावितों के परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार विभाग में रोजगार देने, जनासू में रेवले स्टेशन बनाने, लाइन निर्माण के दौरान काटे जाने वाले पेड़ों के स्थान पर पेड़ लगाने की मांग की। प्रभावितों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भी भेजा। बैठक में जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन, रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल थे।