युवक को जेल भेजने पर फूटा गुस्सा
कीड़ा-जड़ी के साथ पकड़े गए युवक को जेल भेजने पर रोष
कहा, कीड़ा-जड़ी के दोहन की नीति स्पष्ट नहीं होने से दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
जोशीमठ। कीड़ा-जड़ी (यारसागंबू) के साथ एक स्थानीय युवक को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को ब्लॉक परिसर में पुलिस के साथ ही शासन-प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि कीड़ा-जड़ी दोहन की नीति स्पष्ट नहीं होने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीती शुक्रवार को देर शाम सघन चेकिंग के दौरान एटी नाले के पास जोशीमठ कोतवाली पुलिस ने लाता गांव निवासी महेंद्र सिंह राणा को तीन सौ सत्तर ग्राम कीड़ा-जड़ी के साथ पकड़ा। महेंद्र सिंह राणा को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की भनक लगते ही शनिवार को आक्रोशित ग्रामीण ब्लॉक मुख्यालय पर आ धमके। ग्रामीणों ने कीड़ा-जड़ी को लेकर बेवजह परेशानी झेलने के लिए सरकार को दोषी ठहराया। ब्लॉक मुख्यालय से जुलूस की शक्ल में ग्रामीण मुख्य चौराहे पर पहुंचे। यहां हुई सभा में पूर्व राज्य मंत्री ठाकुर सिंह राणा और जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण कड़ी मेहनत और कई दिनों तक अपने घरों को छोड़कर कीड़ा-जड़ी की ढूंढने में जाते हैं। कहा गया कि जेल भेजे गए युवक महेंद्र सिंह राणा के पास कीड़ा-जड़ी के दोहन के सभी कागजात मौजूद हैं। बावजूद इसके उसे जेल भेज दिया गया है। कीड़ा-जड़ी को लेकर सरकार की नीति स्पष्ट नहीं होने के कारण ग्रामीणों के सामने आए दिन समस्या खड़ी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा है। प्रदर्शनकारियों में रमेश चंद्र सती, रामेश्वर थपलियाल, विक्रम भुजवाण, तोलमा की प्रधान माला देवी, रुक्मणी देवी, संग्राम सिंह आदि शामिल थे।