सिद्धबली धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। वीकेंड पर रविवार को कोटद्वार में हरिद्वार और ऋषिकेश जैसा हाल बना रहा। गढ़वाल और उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों के श्रद्धा और आस्था के केंद्र कोटद्वार के प्रसिद्ध श्री सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। स्कूलों की छुट्टी और साप्ताहिक अवकाश के चलते शनिवार और रविवार दोनों दिन क्षेत्र में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियां चरम पर रहीं। बड़ी संख्या में लोगों ने लैंसडौन समेत हिल स्टेशनों का रुख किया। यात्रियों और पर्यटकों की भीड़ के चलते कोटद्वार में सुबह से ही ट्रैफिक रेंगकर चला। सिद्धबली मंदिर क्षेत्र में व्यवस्थाएं बनाने में पुलिस और मंदिर समिति के सदस्यों के पसीने छूट गए। हाल यह था कि यात्री कार, बस और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में बैठकर सिद्धबली मंदिर पहुंचे हुए थे। मंदिर समिति के अधिकारियों के अनुसार रविवार को करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्धों के डांडा स्थित श्री सिद्धबली मंदिर के दर्शन किए।
कोटद्वार-पौड़ी नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ट्रैफिक का हाल यह था कि हाईवे पर वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे थे। बुद्धा पार्क से लेकर श्रीसिद्धबली मंदिर परिसर तक कई घंटे जाम रहा। यात्रियों के वाहनों की संख्या को देखते हुए पुलिस को पुलिंडा मार्ग और लोनिवि कालोनी में पार्किंग व्यवस्था करनी पड़ी। श्रीसिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंजविहारी देवरानी ने बताया कि रविवार सुबह से ही भक्तों की मंदिर से लेकर सड़क तक दर्शन के लिए लाइन लगी थी। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्धबाबा के दर्शन किए। पूरे दिन सिद्धबली मंदिर क्षेत्र (सिद्धों का डांडा) सिद्धबाबा के जयघोष से गुंजायमान रहा। उत्तराखंड, यूपी, दिल्ली व हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कोटद्वार के श्रीसिद्धबली मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। भीड़ को देखते हुए पुलिस के जवानों और मंदिर समिति के सदस्यों के पसीने छूट गए।
-फोटो