बड़कोट (उत्तरकाशी)। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर छटांगा के पास स्कूटी को बचाने के चक्कर में एक यात्रा बस के अगले टायर सड़क से बाहर निकल गए, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में 35 से 40 यात्री सवार थे जो राजस्थान से चारधाम यात्रा के लिए यहां पहुंचे थे। बस के सड़क के बीच में फंसने से यमुनोत्री हाईवे करीब दो घंटे तक बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह आठ बजे एक यात्रा बस यमुनोत्री की तरफ जा रही थी, तभी यमुनोत्री हाईवे पर छटांगा के पास एक स्कूटी बस के सामने आ गई। ड्राइवर ने स्कूटी को बचाने का प्रयास किया तो गाड़ी के अगले टायर सड़क से बाहर की ओर लटक गए, लेकिन तभी ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ब्रेक लगा दिए जिससे बस का चेसिस जमीन पर लग गया और बस वहीं रुक गई और बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इस दौरान बस के सड़क के बीचोंबीच फंसने से हाईवे दो घंटे बंद रहा। क्रेन की मदद से बस को हटाने के बाद करीब 10 बजे हाईवे खुल पाया। बस में राजस्थान के यात्री सवार थे जो चारधाम यात्रा के तहत सबसे पहले यमुनोत्री धाम जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर बस चालक बीच में बसर को रोकता तो स्कूटी चालक की जान जा सकती थी और दूसरी तरफ अगर बस सड़क से बाहर उतर जाती तो बस में बैठे यात्रियों के साथ ही नीचे आवासीय मकानों और उनमें रह रहे लोगों की जान को खतरा होता।