अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
आसपास के लोग ही नहीं शहरवासी भी मिलावटी दूध पी रहे हैं। दूध में पानी के साथ ही सोडा भी मिलाया जा रहा है। इसका खुलासा डेेयरी विकास विभाग की ओर से दूध का दूध, पानी का पानी कार्यक्रम के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए लगाए गए कैंप में हुआ। कैंप में 95 सैंपलों में से 80 प्रतिशत में पानी, 20 प्रतिशत में सोडियम हाइड्रोक्साइड सोडा पाया गया। इस दौरान पहुंचे जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सैंपलों की रिपोर्ट ली और दूध सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम का अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
शनिवार को कनखल स्थित बंगाली चौक पर डेयरी विकास विभाग एवं हरिद्वार दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दुग्ध उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। संघ के चेयरमैन रणवीर सिंह ने कहा कि दूध जीवन का आवश्यक तत्व है। इसलिए दूध में मिलावट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ता को मिलावट के प्रति जागरूक रहना चाहिए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कहा कि यदि खाने या पीने की वस्तुओं में मिलावट की आशंका प्रतीत होती है तो उन्हें सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों के साथ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने मिलावटखोरों के खिलाफ आमजन से सहयोग मांगा। हरिद्वार संघ के प्रबंधक संजय डिमरी ने लोगों को किट वितरित करते हुए दूध की जांच करने का प्रशिक्षण और तरीके बताए।
दूध जांच में मिल्क इंस्पेक्टर सहदेव सिंह पुंडीर, मनोज पांडे, मनोज आर्य, एसएस पटनायक, सुखपाल आदि ने सहयोग किया। स्थानीय निवासियों में कैलाश चंद्र शर्मा, आनंद कुमार, संदीप, धर्मवीर, विवेक अग्रवाल, वरूण अग्रवाल, एसके अग्रवाल, नरेंद्र, बीरबल, दिनेश धीमान, हरीश रावत, विकास कश्यप, प्रखर जोशी, डीडी शर्मा, चंद्र दीपक सैनी, नमन चौहान, विवेक अग्रवाल, आरएस शर्मा, विनिता पांडेय, ज्ञानेंद्र, आरके मल्होत्रा, धीर शर्मा, आरएस भाटिया, एनके गुप्ता, सुनील दत्ता, दिव्या आहूजा आदि लोग मौजूद रहे।
आज रुड़की आदर्श नगर में कार्यक्रम
दुग्ध उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम दूूध का दूध पानी का पानी के तहत लोगों को असली दूध की पहचान और मिलावट के प्रति जागरूक करने को रविवार से बुधवार तक सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक रुड़की क्षेत्र में शिविर लगाए जाएंगे। जिसमें रविवार को आदर्श नगर में अनिल शर्मा जनरल स्टोर, सोमवार को पांडेय जनरल स्टोर शास्त्रीनगर, मंगलवार को लक्सर में गन्ना मिल के निकट, बुधवार को सिकरोढ़ा रोड भगवानपुर में लगाया जाएगा।