ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
चौथे पीसी बत्ता मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को मॉर्डन स्कूल दिल्ली और मां आनंदमयी की टीम फाइनल मुकाबले में भिडे़ंगी। शनिवार को कासिगा स्कूल के मैदान में चले रहे टूर्नामेंट के दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।
पहला मुकाबला द आर्यन वाराणसी और मां आनंदमयी रायवाला के मध्य खेला गया। इसमें मां आनंदमयी स्कूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी द आर्यन स्कूल की टीम आशीष के 42 और मनीष, शुभम के 16-16 रन की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 102 रन बना ही पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मां आनंदमयी वाराणसी की टीम ने 19 ओवर में ही चार विकेट से मुकाबला जीत लिया। कार्तिक ने 36 और आदित्या ने 23 रनों की पारी खेली।
दूसरा मुकाबला कासिगा स्कूल की ए टीम और मॉर्डन स्कूल दिल्ली के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कासिगा स्कूल की टीम 18.1 ओवर में ऑलआउट हो गई और 57 रन ही बना पाई। सिद्धार्थ ने 11 रनों की पारी खेली। जबकि अन्य कोई खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मॉर्डन स्कूल की टीम ने 7.1 ओवर में ही 58 रन बना कर फाइनल मुकाबले में जबह बना ली। अंकित राय ने 20 और साहिल ने 17 रनों की पारी खेली।