ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। पब्लिक रिलेशन सोसायटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के देहरादून चैप्टर की ओर से आयोजित 33वीं राष्ट्रीय जनसंपर्क कार्यशाला में सभी चुनाव एक साथ कराने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा, इससे समय के साथ-साथ पैसे की भी बचत होगी।
रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में पीआरएसआई की ओर से राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ‘एक राष्ट्र, एक संकल्प, एक स्वर’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट एवं गति फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल, भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष दर्शन कुमार, पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के विमल डबराल, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रमेश भट्ट ने कहा कि आज जरूरत है कि देश में लोकसभा, विधानसभा और पंचायत चुनाव एक साथ होने चाहिए। इससे जहां देश का पैसा बचेगा वहीं समय की भी बचत होगी। सरकारों और विभागों को काम करने का ज्यादा समय मिलेगा। गति फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने लोकसभा चुनाव के संबंध में जानकारी दी। देश में अब तक संपन्न हुए चुनाव में उत्तराखंड के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को विमल डबराल, डीपी उनियाल, राजेश कुमार ने भी संबोधित किया। अमित पोखरियाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सुरेश भट्ट, संजय सिंह, दीपक, अनिल वर्मा, अमित धस्माना, मनोज गोविल, ज्योति नेगी, विनीता बैनर्जी, राकेश डोभाल, अजय डबराल, सुशील सती आदि मौजूद रहे।