पुरोला। चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस क्रम में बुधवार को तहसील परिसर में कर्मचारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि हाल ही में जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन का प्रशिक्षण दिया गया था। अब यह मास्टर ट्रेनर ब्लाक एवं तहसील स्तर पर निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। दो दिन तक पुरोला में प्रशिक्षण के बाद 28 व 29 दिसंबर को मोरी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता एएस रावत ने बताया चुनाव में मतदाता मनचाहे उम्मीदवार को वोट दे और इसे सत्यापित करने के लिए वीपीपैट मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। ताकि चुनाव में ईवीएम मशीनों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके। इस मौके पर लोनिवि, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास, सिंचाई, वन, जल संस्थान आदि विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।