रक्षा मंत्रालय की जमीन बेचने वालों पर हो कार्रवाई
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। रक्षा संपदा अधिकारी मेरठ ने सोमवार को एसएसपी से मुलाकात कर रक्षा मंत्रालय की जमीन बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मालूम हो कि वर्ष 2016 में गढ़ी कैंट निवासी आरोपी ने अपने साथियों के साथ रक्षा मंत्रालय की जमीन बेच दी थी।
रक्षा संपदा अधिकारी मेरठ भावना सिंह ने एसएसपी को बताया कि वर्ष 2016 में गढ़ी कैंट निवासी कृष्ण कुमार ने साथियों के जरिये रक्षा मंत्रालय की जमीन बेच दी थी। जिस पर उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। उनके मुताबिक कैंट पुलिस ने बीते 26 मार्च को कैंट बोर्ड के सीईओ को पत्र लिखकर भूमि का सर्वे कराने को कहा था। जिस पर 12 जुलाई को कैंट पुलिस के साथ कराए गए सर्वे में पता चला कि जमीन रक्षा मंत्रालय की ही है। बताया कि जिस मामले में सर्वे हुआ, उसकी चार्जशीट 22 जून को ही कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है। जिसमें आरोपी कृष्ण कुमार को क्लीन चिट दे दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सर्वे के दिन भी किसी भी बड़े अधिकारी को चार्जशीट दाखिल करने की सूचना नहीं दी।
मामले में कैंट बोर्ड सीईओ जाकिर हुसैन का कहना है कि पुलिस ने रक्षा मंत्रालय के साथ ही कैंट बोर्ड को भी अंधेरे में रखा। कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए वह पुलिस से वार्ता करेंगे। दूसरी ओर मामले में कृष्ण कुमार का कहना है कि जिस भूमि का सर्वे कराया गया है, वह जमीन उसने नहीं बेची है। उन्होंने दोबारा सर्वे कराने की बात कही।