ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड में एमबीबीएस और बीडीएस दाखिलों की नीट यूजी काउंसिलिंग के पहले चरण में 16.70 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। पहली बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत काउंसिलिंग में पंजीकरण कराने वाले छात्रों से सिक्योरिटी मनी जमा कराई गई है। पहले चरण में 2573 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 1003 छात्रों ने सरकारी कोटे की एमबीबीएस सीट और 1570 ने ऑल इंडिया मैनेजमेंट कोटे की सीट के लिए पंजीकरण कराया।
एचएनबी मेडिकल यूनिवर्सिटी ने शनिवार को नीट यूजी काउंसिलिंग की मेरिट लिस्ट जारी कर दी। इसके तहत 2573 छात्रों के नाम पंजीकरण में आए हैं। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. विजय जुयाल ने बताया कि सरकारी कोटे की सीट के लिए सिक्योरिटी मनी 10,000 रुपये और ऑल इंडिया मैनेजमेंट कोटे की सीटों के लिए एक लाख रुपये सिक्योरिटी मनी जमा कराई। कुल मिलाकर 16.70 करोड़ रुपये सिक्योरिटी मनी से जमा हुए हैं।
--
पहले चरण में सीट नहीं ली तो पैसे वापस
जिन छात्रों ने सिक्योरिटी मनी जमा कराई है और पहले चरण में सीट आवंटित होने के बाद वे दाखिला लेकर या दाखिले से पहले सीट छोड़ना चाहते हैं तो उन्हें यह सिक्योरिटी मनी लौटा दी जाएगी। जिन छात्रों को पहले चरण में सीट नहीं मिलेगी, उन्हें भी सिक्योरिटी मनी लौटा दी जाएगी। दूसरे चरण से सिक्योरिटी मनी जब्त करने का नियम लागू होगा। आवंटित सीट पर दाखिला लेने के बाद सीट छोड़ी या सीट मिलने के बाद दाखिला नहीं लिया तो भी सिक्योरिटी मनी जब्त कर ली जाएगी। अगर दूसरे चरण में सीट आवंटित नहीं होती है तो फीस लौटा दी जाएगी। अहम बात यह है कि अगर आपकी सिक्योरिटी मनी दूसरे चरण में जब्त हो गई तो इसके बाद भी मॉपअप राउंड में दोबारा सिक्योरिटी मनी जमा कराकर हिस्सा ले सकते हैं।
--
आज से भरें च्वाइस
जिन 2573 छात्रों ने पहले चरण की काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण कराया है, वे एक और दो जुलाई को अपनी च्वाइस भर सकते हैं। इसके बाद च्वाइस के आधार पर एचएनबी मेडिकल विवि सभी पैमानों को ध्यान में रखते हुए पांच जुलाई को पहले चरण की एमबीबीएस और बीडीएस सीटें आवंटित करेगा। इसके बाद दाखिले होंगे।