दावे हजार, नहीं मिल रहा रोजगार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सरकार के तमाम दावों के बावजूद सेवायोजन विभाग शिक्षित और कुशल युवाओं को रोजगार नहीं दिला पा रहा है। इसकी मुख्य वजह अधिकारियों की लापरवाही है। अधिकारी महज औपचारिकता के लिए रोजगार मेले का आयोजन करते हैं, जिस कारण अधिकतर युवा रोजगार से वंचित रह जाते हैं।
बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय सेवायोजन विभाग में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं का चयन करने पहुंची सुजुकी कंपनी के प्रतिनिधि पहुंचे थे। साक्षात्कार के लिए 250 पदों के लिए मात्र 33 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इसके बाद प्रमाण-पत्रों की जांच, अनुभव, स्किल योग्यता संबंधी और कंपनी से जुड़ी जानकारी के सवालों के जवाबों के बाद कंपनी ने मात्र एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र जारी किया। बाकी 32 अभ्यर्थियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। इनमें से अधिकतर युवाओं ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए रोष जताया। उनका कहना था कि विभाग की ओर उन्हें रोजगार मेले की सूचना नहीं दी जाती है। मेले में आने वाली कंपनी को किस आयु वर्ग और किस तरह के शिक्षित युवा चाहिए, इस बारे में भी कुछ नहीं बताया जाता है। ऐसे में तमाम परेशानियों का सामना करते हुए यहां पहुंचने पर मायूस होकर लौटना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 25 अप्रैल को भी आयोजित रोजगार मेले में पदों की अपेक्षा कम ही अभ्यर्थी पहुंचे थे। तब भी युवाओं का कहना था कि विभाग की ओर से उन्हें समुचित जानकारी नहीं दी गई।
इस संबंध में क्षेत्रीय सेवा योजना अधिकारी अजय सिंह भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उनका कहना है कि कंपनी ने कुछ दिन पहले ही मेला आयोजित करने की सूचना दी थी। ऐसे में सभी युवाओं को सूचित करना संभव नहीं हो पाया।