ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
टाटा मैजिक और विक्रम को स्टेट कैरिज परमिट जारी करने का मामला फिलहाल लटक गया है। हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तक परमिट जारी करने के मामले को यथावत रखने का आदेश दिया है। कोर्ट में सुनवाई 23 मार्च को होनी है।
आरटीए की 20 फरवरी को हुई बैठक में आरटीओ के स्तर पर विक्रम और टाटा मैजिक को स्टेट कैरिज परमिट जारी करने का प्रस्ताव शामिल किया था। देहरादून महानगर सिटी बस सेवा महासंघ की ओर से इसका विरोध किया गया था। महासंघ अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने 22 फरवरी को हाईकोर्ट में याचिका दायर की। सुनवाई के बाद कोर्ट ने परमिट मामले को यथावत रखने का आदेश दिया है। महासंघ अध्यक्ष का कहना है कि टाटा मैजिक और विक्रम यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से कारगर नहीं है। इनको स्टेट कैरिज परमिट जारी होने से शहर में वाहनों का दबाव बढ़ेगा। आरटीओ सुधांशु गर्ग के मुताबिक टाटा मैजिक और विक्रम के स्टेट कैरिज परमिट का मामला कोर्ट के फैसले के अधीन होगा।